सिलहट2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सिलहट टेस्ट में बांग्लादेश जीत से सिर्फ 3 विकेट दूर है। 437 रन का टारगेट चेज कर रही पाकिस्तान ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक 316 रन पर 7 विकेट गंवा दिए हैं। टीम को जीत के लिए अभी भी 121 रन बनाने हैं।
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद 71 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने बाबर आजम (47 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 92 रन जोड़े। इसके बाद 30 रन के अंदर 3 विकेट गिर गए। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान 75 रन पर नाबाद हैं, जबकि साजिद खान 8 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।

रिजवान और सलमान के बीच शतकीय साझेदारी
पाकिस्तान 162 रन पर 5 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बाद रिजवान और सलमान आगा के बीच छठवें विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी हुई।
स्पिनर तैजुल ने सलमान को 71 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर साझेदारी तोड़ी। इसके बाद उन्होंने हसन अली को भी शून्य पर नजमुल हुसैन शांतो के हाथों कैच आउट कराया।
तैजुल ने 4 विकेट लिए
लेफ्ट आर्म स्पिनर तैजुल इस्लाम ने 4 विकेट झटके। उन्होंने मसूद, बाबर, आगा और हसन अली को पवेलियन भेजा। पेसर नाहिद राणा ने भी 2 विकेट लिए। मेहदी हसन मिराज को 1 विकेट मिला।

कैसे गिरे पाकिस्तान के पहले 5 विकेट
- 11वें ओवर में नाहिद राणा ने अब्दुल्लाह फजल को कैच कराया। फजल ने ऑफ स्टंप के बाहर की शॉर्ट बॉल को ऑफ साइड में खेला। लेकिन गेंद बल्ले के ऊपर लगी और गली पर मेहदी हसन मिराज ने नीचे झुककर शानदार कैच पकड़ा। उन्होंने 6 रन बनाए।
- 16वें ओवर की छठी बॉल पर मेहदी हसन मिराज ने अजान अवैस को LBW किया। मिराज की सीधी बॉल पर आजान आगे बढ़कर रोकना चाहते थे, लेकिन गेंद पैड पर लगी। बांग्लादेश की अपील पर अंपायर ने उंगली उठा दी। अजान सिर्फ 21 रन जोड़ सके।
- 35वें ओवर की आखिरी बॉल पर तैजुल इस्लाम ने बाबर को 47 रन पर कैच कराया। लेग स्टंप के बाहर की फ्लाइटेड गेंद बाबर के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर लिटन दास के दस्तानों में चली गई। यहां पार्टनरशिप ब्रेक हुई।
- 44वें ओवर की चौथी गेंद पर नाहिद राणा ने सऊद शकील को विकेट के पीछे कैच आउट कराया। ऑफ स्टंप के काफी बाहर डाली गई फुल गेंद पर शकील बिना फुटवर्क के ड्राइव करने गए। गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर लिटन दास के हाथों में चली गई। शकील ने सिर्फ 6 रन बनाए।
- 45वें ओवर की तीसरी बॉल पर शान मसूद भी आउट हो गए। उन्हें तैजुल इस्लाम ने ऑफ स्टंप से अंदर आती बॉल पर कैच कराया। मसूद गेंद को ऑन साइड में खेलना चाहते थे, लेकिन शॉर्ट लेग पर महमूदुल हसन को कैच थमा बैठे।

अजान अवेस का विकेट सेलिब्रेट करते बांग्लादेशी खिलाड़ी।
कप्तान शान मसूद को 2 जीवनदान, फिफ्टी भी लगाई
पहले सेशन में पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद को 2 जीवनदान मिले। वे लंच तक 41 रन बनाकर नाबाद लौटे। इसका फायदा उठाकर उन्होंने फिफ्टी पूरी की।
- दूसरे स्लिप पर कैच होने से बचे13वें ओवर की 5वीं बॉल पर शान मसूद कैच होने से बच गए। नाहिद राणा की गेंद को वे मिड ऑन पर खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद स्लिप कॉर्डन की ओर गई, लेकिन तंजीत कैच नहीं पकड़ सके।
- लिटन दास स्टंपिंग चूके22वें ओवर की दूसरी गेंद में मेहदी हसन मिराज ने ऑफ ब्रेक बॉल पर शान मसूद पूरी तरह चूक गए। यहां पर विकेटकीपर लिटन दास उन्हें स्टंपिंग करने से चूक गए।
बांग्लादेश दूसरी पारी में 390 पर ऑलआउट
मैच के तीसरे दिन बांग्लादेश दूसरी पारी में 390 रन पर ऑलआउट हो गई। मुशफिकुर ने 137 रन की शतकीय पारी खेली। महमूदुल हसन जॉय (52 रन) और लिटन दास (69 रन) ने हाफ सेंचुरी लगाई। पाकिस्तान के लिए खुर्रम शहजाद ने 4-4 विकेट लिए। बांग्लादेश ने पहली पारी में 278 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान 232 रन ही बना सका था। इससे बांग्लादेश को 46 रन की बढ़त मिली थी।

———————————-
पाकिस्तान के बांग्लादेश दौरे की यह खबर भी पढ़िए…
बांग्लादेश ने पहली बार घर में पाकिस्तान को टेस्ट में हराया

बांग्लादेश ने पहली बार घर में पाकिस्तान को हरा दिया है। टीम ने मीरपुर टेस्ट में 104 रन से जीत हासिल की। बांग्लादेश ने अपने घर में पाकिस्तान को पहली बार टेस्ट क्रिकेट में हराया है। पढ़ें पूरी खबर





