- Hindi News
- Sports
- ICC Invites PCB Chief For Board Meeting & IPL Final; Pakistan PM To Decide Visit
स्पोर्ट्स डेस्क3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी इस महीने भारत आ सकते हैं। ICC ने नकवी को अहमदाबाद में 30 और 31 मई को होने वाली बोर्ड मीटिंग का न्योता भेजा है। अहमदाबाद में 31 मई को IPL 2026 का फाइनल भी होना है। नकवी अगर भारत आते हैं तो IPL फाइनल भी अटेंड कर सकते हैं।
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक नकवी ने यह निमंत्रण पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भेज दिया है। अब वही तय करेंगे कि नकवी भारत आएंगे या नहीं।
जियो टीवी के मुताबिक, बोर्ड मीटिंग्स पहले मार्च और अप्रैल में दोहा में होनी थीं, लेकिन तनाव और संघर्ष की वजह से इन्हें टाल दिया गया।

तस्वीर 5 दिसंबर 2024 की है। ICC चेयरमैन बनने के बाद दुबई स्थित मुख्यालय में जय शाह के साथ बोर्ड के अन्य सदस्य और अधिकारी।
RSS महासचिव ने कहा था- भारत-PAK में खेलकूद होना चाहिए
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के राष्ट्रीय महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने 12 मई को कहा था कि भारत को पाकिस्तान के साथ बातचीत के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं करने चाहिए। दोनों देशों को एक-दूसरे को वीजा भी देना चाहिए। खेलकूद और व्यापार भी होना चाहिए। लेकिन पुलवामा जैसे हमले का जवाब भी मजबूती से देना होगा। (पूरी खबर पढ़ें…)
मुंबई अटैक के बाद भारत ने कहा था- आतंकवाद और खेल साथ-साथ नहीं चल सकते
26 नवंबर 2008 के मुंबई हमलों के बाद भारत सरकार का रुख काफी सख्त हो गया। हमले में लगभग 166 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए। इस हमले का जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा को ठहराया गया। हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में भारी तनाव आया। शांति वार्ता प्रभावित हुई और भारत-पाक क्रिकेट द्विपक्षीय सीरीज लगभग बंद हो गईं। भारत ने कहा था-आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते।
2012-13 में दोनों देशों ने आखिरी द्विपक्षीय सीरीज खेली
- 2008 आतंकी हमलों के बाद दोनों देशों ने आखिरी बार 2012-13 में द्विपक्षीय सीरीज खेली थी, जब पाकिस्तान टीम भारत दौरे पर आई थी। इसके बाद भारत सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर रोक लगा दी।
- 2013 के बाद से दोनों टीमें केवल ICC और ACC इवेंट आमने-सामने हुई थी। हालात सुधरने पर पाकिस्तान 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत आई थी। जहां भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
2025 से भारत-पाकिस्तान क्रिकेट के विवाद
1. एशिया कप में पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया
एशिया कप 2025 के दौरान भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में कई विवाद देखने को मिले। पहलगाम हमले के बाद भारतीय प्लेयर्स ने पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से मना कर दिया था। इसके बाद में PCB ने मैच रेफरी की शिकायत कर टूर्नामेंट छोड़ने की धमकी दी थी। वहीं सुपर-4 मैच में हारिस रऊफ के ‘6-0’ इशारे ने भी बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था।

एशिया कप 2025 में टॉस के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हाथ नहीं मिलाया था।
2. नकवी से भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेने से मना किया था
पिछले साल 28 सितंबर को भारत ने दुबई में एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था। भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के गृहमंत्री और ACC चीफ नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। अगले दिन टीम खाली हाथ भारत लौट आई।
BCCI की कड़ी आपत्ति और महाभियोग की चेतावनी के बाद नकवी ने एशिया कप ट्रॉफी ACC ऑफिस में जमा करा दी। अब ट्रॉफी भारतीय टीम को कैसे सौंपी जाएगी, इस पर फैसला बाकी है।
3. टीम इंडिया ने बगैर ट्रॉफी सेलिब्रेट किया था
एशिया कप जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और भारतीय खिलाड़ी मैदान पर ही रुके रहे और औपचारिक स्टेज कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। लंबे इंतजार के बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर वहां से चले गए। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी प्रेजेंटेशन स्टेज पर पहुंचे और काल्पनिक ट्रॉफी उठाने का इशारा करते हुए जीत का जश्न मनाया।

एशिया कप जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव ने खाली हाथ ही ऐसा जेस्चर बनाया, मानो वे ट्रॉफी लेकर आ रहे हों।
4. पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश को बाहर करने के बाद नकवी ने पाकिस्तान के भी बाहर होने की धमकी दी थी। हालांकि बाद में टीम ने टूर्नामेंट में खेला और ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई। इसकी शुरुआत IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद हुई थी। बांग्लादेश ने भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए और न्यूट्रल वेन्यू की मांग की।
ICC ने यह मांग ठुकराकर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया, जिसके बाद PCB चीफ मोहसिन नकवी ने ICC पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। नकवी ने कहा कि जब भारत और पाकिस्तान को न्यूट्रल वेन्यू मिल सकता है, तो बांग्लादेश को क्यों नहीं, और जरूरत पड़ी तो पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप से हट सकता है।




